16/09/2023
12/AIUMB/23 16/09/2023
ईद मीलादुन्नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम कैसे मनाएं !
माहे रबीउन्नूर की पुरकैफ बहारें हमारे दरमियान आ गई हैं हम इसका इस्तक़बाल करते हैं क्योंकि यह अल्लाह की सबसे बड़ी नेअमत आक़ाए रहमत रसूले मक़बूल मोह्सिने इंसानियत हज़रत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की विलादत का महीना है l
आपकी तंज़ीम आल इंडिया उलमा व मशाइख बोर्ड ने इस बार भी पिछली बार की तरह पहली रबिउन्नूर से “WEEK OF HUMANITY” मनाने का फैसला किया है, जिस ताल्लुक़ से बोर्ड की हर शाखा में इसे इस तरह से मनाया जाना है और अवाम को भी इससे आशना करवाना है l
1. ग़रीबों, यतीमों,मिसकीनों के दरमियान जाकर गरम ज़रूरत की चीजें तकसीम की जाएं है l
2. हर यूनिट शजरकारी का प्रोग्राम करे और सभी लोग कम से कम 12 दरख्त ज़रूर लगायें l
3. सबील व लंगर का इंतज़ाम किया जाये ।
4. रोज़ घर के सभी लोग कम से कम 1200 मर्तबा दुरूदे पाक के विर्द का निज़ाम बनायें, गोशये दुरूद क़ायम करें ।
5. अपने शहर को साफ़ रखे, गलियों में खुशबुओं का इंतज़ाम करें, खुश्बू के लिए लोबान का इस्तेमाल करें ताकि गली में खुशबू के साथ साथ मच्छर और अन्य कीड़े मकोड़ों से भी हिफाज़त हो।
6. रोज़ा रखें, सहरी व इफ्तार का इंतज़ाम करें ।
7. अगर जुलूस के रास्ते में कोई अस्पताल हो तो वहां नारा न लगायें खामोशी से दुरूद का विर्द करते हुए निकल जाएँ, अगर जुलूस के रास्ते में कोई एम्बुलेंस आ जाये तो उसे रास्ता ज़रूर दें अगर कोई ऐसी तरकीब हो जिससे सड़क पर जाम न हो और सड़क की एक तरफ ही रहा जा सके तो ऐसी तरकीब ज़रूर निकाली जाये।
8. अपने हमवतन भाइयों में भी पैक तबर्रुक तक़सीम करें, हर यूनिट अपने जिले के प्रशासनिक अधिकारीयों से भी मिलकर उन्हें तालीमे नबी पर कोई किताब के साथ मुबारकबाद पेश करे और अपने जुलूस और जलसों में दावत दें,क्योंकि हमारा फ़र्ज़ है पैगाम पहुँचाना l
9. हर घर पर झंडा लगाया जाये साथ ही एक हदीस को अपने अपने घर पर चस्पा करें हिंदी में लिख कर ताकि लोगों तक पैगाम पहुंचे l तिरंगे के एहतराम का ख्याल रखते हुए उसे जुलूस में ज़रुर शामिल करें और हदीसे नबवी लिखे हुए बैनर और प्लेकार्ड शामिल किये जाएँ l
10. पुर अमन तरीके से जिला प्रशासन से अनुमति लेकर तय रास्तों पर जुलूसे मोहम्मदी निकाला जाये और ईद मिलादुन्नबी का जलसा आयोजित किया जाये, लोगों को आपस में मुबारकबाद दें और सोशल मीडिया पर भी रबीउन्नूर की बहारें बिखेरें l
आल इंडिया उलमा व मशाइख बोर्ड, दिल्ली