21/04/2024
बधाई संदेश
***************
प्रिय विद्यार्थियों, आज हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम घोषित हो चुका है। श्री राम गोपाल त्रिपाठी इंटरमीडिएट कॉलेज का परिणाम विगत वर्षों के अपेक्षाकृत उत्साह जनक रहा है। आप में से कई विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक अर्जित किए हैं और अधिकांश का प्रतिशत 60 से ऊपर रहा है। यह परीक्षाफल दर्शाता है कि आप सब ग्रामीण परिवेश में रहते हुए भी शिक्षा के प्रति समर्पित और अपने भविष्य के प्रति जागरूक हैं। यह विद्यालय के शैक्षणिक माहौल और अभिभावकों के परिश्रम का भी प्रतिफल है, जिन्होंने पूरे सत्र में ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी कक्षाएं ली है और आपकी समस्याओं का समाधान किया है। इस परिणाम में आपका जितना योगदान रहा है उतना ही योगदान आपके माता-पिता और अन्य परिवारजनों का भी रहा है, जिन्होंने आपको परिश्रम के लिए सदैव प्रेरित किया होगा। आप सबका यह परिश्रम और प्रतिफल हमें सदैव कुछ बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है। हम आप सभी को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ एक उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण प्रदान करने के लिए पूरी तरह संकल्पित हैं और मुझे विश्वास है कि आप इसी तरह से आने वाले वर्षों में अपनी उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों से हमारे विद्यालय परिवार को गौरवान्वित करते रहेंगे। इस परीक्षा में किन्ही कारणों से असफल रहने वाले कुछ विद्यार्थियों के प्रति भी हमारी पूरी सहानुभूति है। मुझे विश्वास है कि ऐसे विद्यार्थी निराश होने के बजाय भविष्य में पुनः सफल होने के लिए और अधिक परिश्रम के लिए प्रेरित होंगे।
हाईस्कूल की परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों से अपेक्षा है कि वह सोमवार को अनिवार्य रूप से विद्यालय में अपस्थित होकर इंटर में अपना प्रवेश कराना सुनिश्चित करें। इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में बहुत थोड़ी सी जगहें शेष रह गई है। यदि वह समय से नहीं उपस्थित होंगे तो उन्हें अपने मनपसंद विषय मिलना मुश्किल होगा।
पुनः एक बार सभी को शुभकामनाओं के साथ
डॉ निरंजन कुमार सिंह
प्रधानाचार्य
श्री राम गोपाल त्रिपाठी इंटरमीडिएट कॉलेज विजयीपुर फतेहपुर