18/04/2026
*रहबर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में दामिनी पथक का प्रेरणादायी जनजागरूकता दौरा*
अकोला : रहबर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में हाल ही में दामिनी पथक का एक सार्थक एवं प्रेरणादायी जनजागरूकता दौरा संपन्न हुआ। इस पहल के माध्यम से विशेष रूप से छात्राओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास और सतर्कता विकसित करने का सराहनीय प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने छात्राओं को दैनिक जीवन में अपनी सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करें, आपातकालीन परिस्थितियों में साहस और समझदारी से निर्णय कैसे लें, इस बारे में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। इसके साथ ही साइबर क्राइम और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को ध्यान में रखते हुए छात्राओं को जागरूक किया गया। विशेष रूप से इंस्टाग्राम के दुरुपयोग से उत्पन्न होने वाले खतरे, धोखाधड़ी, गोपनीयता के उल्लंघन और मानसिक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। छात्राओं से जिम्मेदार और सजग डिजिटल नागरिक बनने का आह्वान भी किया गया।
इस जनजागरूकता सत्र का संचालन अनीता मैडम और वर्षा मैडम ने कुशलतापूर्वक किया। उनकी प्रभावशाली संवाद शैली ने पूरे वातावरण को उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी बना दिया। छात्राओं के साथ संवाद करते हुए उन्होंने उनके प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर दिया और उनका आत्मविश्वास बढ़ाया।
कार्यक्रम की शुरुआत में रहबर प्राथमिक स्कुल की मुख्याध्यापिका श्रीमती तहसीन हसन मैडम ने अतिथियों का हार्दिक स्वागत कर उनकी उपस्थिति के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह कार्यक्रम छात्राओं और शिक्षकों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। समाज में सुरक्षा, डिजिटल जागरूकता और साइबर सुरक्षा का संदेश देने वाला यह प्रयास निस्संदेह प्रशंसनीय है तथा भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता को भी रेखांकित करता है।
कार्यक्रम में रहबर डिजिटल स्कूल की प्रमुख सौ. जरीना मैडम, रहबर प्राथमिक विद्यालय की मुख्याध्यापिका सौ. तहसीन हसन मैडम, एंग्लो हाईस्कूल के मुख्याध्यापक तथा रहबर जूनियर कॉलेज ऑफ साइंस, आर्ट्स एंड कॉमर्स के प्राचार्य श्री काशिफ जमाल खान, रहबर महिला महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मोहम्मद अबरार हुसैन, विदर्भ टेक्निकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महादेव बोराडे तथा विदर्भ मॉडर्न डिग्री कॉलेज के प्राचार्य श्री अरविंद जोध मंच पर उपस्थित थे।
कार्यक्रम के सफलता पूर्वक आयोजन पर रहबर गृप ऑफ इन्स्टिट्यूशन के सीईओ जनाब शकील अहमद खान सर ने सभी को बधाई दी |