15/08/2026
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस आयोजित
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में देश के विभाजन की त्रासदी को स्मरण करने तथा विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) द्वारा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आशीष खरे ने कहा कि 14 अगस्त का दिन केवल इतिहास का एक पन्ना नहीं है, बल्कि यह हमारे देश के उस गहरे जख्म की याद दिलाता है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। विभाजन की त्रासदी में लाखों परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया और असंख्य लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। उन्होंने कहा कि हमें इस दिवस से सीख लेते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को हर कीमत पर अक्षुण्ण रखने का संकल्प लेना चाहिए। युवाओं को इतिहास के इन पीड़ादायक अध्यायों से सीख लेकर देश के भविष्य को सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
विशिष्ट अतिथि एवं राष्ट्रीय सेवा योजना, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के समन्वयक प्रो. राजेश कुमार गर्ग ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि नफरत, हिंसा और संकीर्ण मानसिकता का परिणाम कितना भयावह हो सकता है। एन.एस.एस. स्वयंसेवकों का दायित्व है कि वे समाज में शांति, सद्भाव, सहिष्णुता और आपसी भाईचारे का संदेश प्रसारित करें। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी विविधता और एकजुटता में निहित है तथा युवाओं को इसकी रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा स्वरचित कविता पाठ एवं देशभक्ति गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में संपूर्णानंद चतुर्वेदी ने प्रथम, श्रेयांश ने द्वितीय तथा गुरुदयाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता में प्रतीक्षा प्रथम, प्रज्ञा द्वितीय तथा अभिषेक तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिताओं में निर्णायक के रूप में सुश्री ईशा एवं सुश्री सान्या जी ने अपने दायित्व का निर्वहन किया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संगीता सिंह ने किया। डॉ. मनीष गौतम ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि अतिथियों का स्वागत डॉ. तेज प्रकाश चतुर्वेदी ने किया।
इस अवसर पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय का नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में प्रतिनिधित्व करने वाले एनएसएस स्वयंसेवक श्री सुशील यादव ने अतिथियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकजुटता को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।