27/05/2026
- चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक पाठ्यक्रमों की टर्मिनल सेमेस्टर परीक्षाओं का परिणाम एक सप्ताह के रिकॉर्ड समय में घोषित
भिवानी, 27 मई। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा द्वारा स्नातक पाठ्यक्रमों की टर्मिनल सेमेस्टर परीक्षाओं (छठे सेमेस्टर) के मुख्य एवं री- अपीयर परीक्षा परिणाम मात्र एक सप्ताह के रिकॉर्ड समय में घोषित कर दिए गए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों एवं अन्य उच्च शिक्षा कार्यक्रमों में समय पर प्रवेश प्राप्त हो सके इसके उद्देश्य से परिणाम शीघ्र घोषित किए गए हैं। परीक्षा नियंत्रक पवन गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों का परिणाम संतोषजनक रहा है।
बीए का परिणाम 55 प्रतिशत, बीबीए का 87 प्रतिशत, बीकॉम का 71 प्रतिशत तथा बीएससी का 75 प्रतिशत रहा है। उन्होंने बताया कि परीक्षा शाखा द्वारा विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए मूल्यांकन कार्य एवं परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया को पूरी निष्ठा एवं दक्षता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर पवन गुप्ता ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं कौशल आधारित कार्यक्रमों का लाभ उठाकर अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी एवं कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के लिए उनका आभार व्यक्त किया, जिसके कारण परीक्षा शाखा इतनी कम अवधि में परीक्षा परिणाम घोषित करने में सफल रही।
विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रोफेसर दीप्ति धर्माणी ने स्नातक पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध एवं पारदर्शी शैक्षणिक क्रियाओं को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कुलगुरु प्रो दीप्ति धर्माणी ने सभी फैकेल्टी एवं परीक्षा शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा एक सप्ताह के भीतर मूल्यांकन एवं परिणाम तैयार करने के लिए किए गए समर्पित एवं सतत प्रयासों की सराहना की उन्होंने कहा कि समय पर परीक्षा परिणाम घोषित करना विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, पारदर्शिता, कार्य कुशलता एवं विद्यार्थी हितैषी दृष्टिकोण को दर्शाता है।