07/02/2016
■ अभिनेता सलमान खान और इंडिया टीवी के रजत शर्मा 9-फरवरी को गोंदिया में ■
गोंदिया-भंडारा में विभिन्न कक्षाओं के प्रवीणता प्राप्त विद्यार्थियों को हर साल गोंदिया शिक्षण संस्था के वार्षिक सम्मलेन में स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया जाता है। हर वर्ष इस सम्मलेन का आयोजन गोंदिया-भंडारा के शिक्षा महर्षि माने जाने वाले स्वर्गीय मनोहरभाई पटेल की जयंती यानी 9 फरवरी को किया जाता है। इस सम्मलेन को बड़ा आकार देने के लिए स्व. मनोहरभाई पटेल के पुत्र और राजनीतिक दिग्गज प्रफुल पटेल खुद प्रयासरत रहते हैं। इस कार्यक्रम में हर वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में देश की नामी-गिरामी हस्तियों को गोंदिया आमंत्रित किया जाता है एवं 9 फरवरी के नज़दीक आते ही प्रवीणता प्राप्त विद्यार्थियों के साथ ही शहर के आम नागरिकों में भी कार्यक्रम में आने वाले मेहमानों के नाम जानने की उत्सुकता बढ़ जाती है विशेषकर जब उनके किसी प्रिय सितारे के गोंदिया आने की चर्चा हो।
प्राप्त खबर के अनुसार इस बार मंगलवार, 9 फरवरी 2016 को स्व. मनोहरभाई पटेल की 110वीं जयंती पर गोंदिया शिक्षण संस्था द्वारा आयोजित होने वाले स्वर्ण पदक वितरण समारोह में मशहूर अभिनेता सलमान खान बतौर समारोह उद्घाटक उपस्थित रहेंगे। उनके साथ ही मीडिया जगत के जाने-माने चेहरे तथा न्यूज़ चैनल इंडिया टीवी के सर्वेसर्वा रजत शर्मा और मशहूर विज्ञापन गुरु सुहेल सेठ भी बतौर प्रमुख अतिथि कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। गौरतलब है कि सलमान खान प्रफुल पटेल के मित्र माने जाते हैं और वे प्रफुल पटेल के कार्यक्रमों तथा चुनाव प्रचार के लिए इसके पहले भी गोंदिया-भंडारा आते रहे हैं।
इससे पहले के सालों में इस समारोह में देश के राष्ट्रपति प्रणव मुख़र्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, महानायक अमिताभ बच्चन, भारत रत्न सचिन तेंदुलकर समेत कई मंत्री, शीर्ष उद्योगपति, अभिनेताओं सहित कई हस्तियां शामिल हो चुकी हैं।
Courtesy: Gondia Khabar