26/09/2026
‘नमामि भारतम्’ में अधिक से अधिक लोगों ने किया सम्पूर्ण वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन
नई दिल्ली। राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के आह्वान पर आयोजित राष्ट्रव्यापी ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम में देशभर में राष्ट्रभाव और देशभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति देखने को मिली।
देशभर में प्रातः 11 बजे विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों, आचार्यों, अभिभावकों एवं जनसमुदाय ने एक साथ सम्पूर्ण वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया। विद्या भारती के अनुसार, इस राष्ट्रव्यापी आयोजन में लोगों ने सहभागिता की।
प्रमुख स्थानों पर गणमान्य लोगों की सहभागिता
दिल्ली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विद्या भारती के अखिल भारतीय महामंत्री श्री देशराज शर्मा मुख्य अतिथि रहे। गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय सेना के पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी (सेवानिवृत्त) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
भोपाल में मुख्य कार्यक्रम सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक आवासीय विद्यालय, शारदा विहार द्वारा शौर्य स्मारक पर आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, आचार्यों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
‘एक स्वर–एक संकल्प–एक भारत’ का संदेश
‘नमामि भारतम्’ केवल सामूहिक गायन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ‘वन्दे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा, स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका तथा भारतीय राष्ट्रीय जीवन में इसके महत्व को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का राष्ट्रव्यापी अभियान भी रहा।
विद्या भारती के विद्यालयों एवं संस्थानों में सामूहिक गायन के साथ वन्दे मातरम् के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रभाव से संबंधित विभिन्न गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं।
एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स एवं इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में प्रमाणित
कार्यक्रम की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (ABR) एवं इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (IBR) द्वारा विभिन्न स्थानों पर एक ही समय में सर्वाधिक संख्या में विद्यार्थियों एवं जनसमुदाय द्वारा सम्पूर्ण वन्दे मातरम् के सामूहिक गायन के लिए कार्यक्रम को प्रमाणित किया गया।
‘नमामि भारतम्’ ने वन्दे मातरम् के 150वें वर्ष को व्यापक राष्ट्रीय सहभागिता के साथ एक स्मरणीय अवसर बना दिया।