17/11/2025
राजकीय महाविद्यालय पिहानी, हरदोई
दिनांक: 14 अक्टूबर 2025
स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जन्म शताब्दी समारोह, वार्षिक पत्रिका विमोचन एवं मिशन शक्ति फेज–5 के अंतर्गत "गुड टच-बैड टच" विषयक कार्यक्रम सम्पन्न
राजकीय महाविद्यालय, पिहानी (हरदोई) में आज भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी समारोह अत्यंत हर्ष और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका का विमोचन तथा मिशन शक्ति फेज–5 के अंतर्गत “गुड टच और बैड टच” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० गगन कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि “अटल जी का जीवन त्याग, सिद्धांत और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। वे ऐसे नेता थे जिन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर भारत को नई दिशा दी। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के उत्थान में योगदान देना चाहिए।”
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ० मंजु यादव, सहायक प्राध्यापक, महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हरदोई ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व राजनीति से ऊपर उठकर साहित्य, संवेदना और मानवीय मूल्यों का संगम था। उन्होंने छात्र-छात्राओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका का विमोचन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की रचनात्मकता, शैक्षणिक उपलब्धियाँ तथा सांस्कृतिक गतिविधियाँ संकलित हैं। अतिथियों ने पत्रिका की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना की।
मिशन शक्ति फेज–5 के अंतर्गत “गुड टच और बैड टच” पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम का संचालन श्रीमती कीर्ति आनंद, मिशन शक्ति प्रभारी द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं को आत्म-सुरक्षा, जागरूकता एवं आत्मविश्वास के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जन्म शताब्दी समारोह के प्रभारी डॉ० सुरेश कुमार ने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा और मानवीय मूल्यों का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से डॉ० दयाल शरण, श्री मनोज कुमार मिश्र (कार्यालय अधीक्षक), तथा स्थानीय पत्रकार श्री जुबेर ज़फर कंप्यूटर ऑपरेटर रजनीश वाजपेई की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक एवं भाषण प्रस्तुतियाँ दी गईं। प्रमुख प्रस्तोता रहे — आजम अहमद, सफ़िया, अरुण कुमार, मोहम्मद महजूद, अभिषेक कुमार, फिज़ा, सौम्या यादव, बीनू यादव, रिबॉन्की यादव, रिंकी यादव, अंजली पॉल, अंशिका सिंह, मानसी सिंह, शैलजा चौहान आदि, जिनकी प्रस्तुतियाँ विशेष रूप से सराहनीय रहीं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ० लक्ष्मी नारायण, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया तथा आभार प्रदर्शन कार्यक्रम प्रभारी डॉ० सुरेश कुमार ने किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण, छात्र-छात्राएँ एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
---
प्रेषक:
डॉ० गगन कुमार
प्राचार्य
राजकीय महाविद्यालय, पिहानी (हरदोई)