15/09/2026
बालीचौकी के विकास कार्यों को विजय पाल सिंह ने किया साझा, बोले- "नेता नहीं, सिर्फ बेटा बनकर कर रहा हूं सेवा"
बालीचौकी (मंडी): हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण विनियामक आयोग के सदस्य और 'सराज के बेटे' के रूप में जाने जाने वाले विजय पाल सिंह ने बालीचौकी क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक किया है। इससे पहले उन्होंने थाटा-डाहर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा की थी, और अब उन्होंने बालीचौकी शहर में हुए महत्वपूर्ण कार्यों को जनता के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि सराज के विधायक के नहीं है लेकिन अपनी सामर्थ्य अनुसार सराज परिवार के लिए एक बेटा बन कर परिवार की सेवा करने का प्रयास कर रहा हूं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर जोर विजय पाल सिंह ने बताया कि बालीचौकी शहर और एनएच-305 पर बाहरी सड़क की टारिंग का कार्य करवाया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए बालीचौकी स्कूल में लाइब्रेरी भवन का निर्माण करवाया गया, जिसमें फर्नीचर और किताबों की व्यवस्था कर इसे सुचारू रूप से शुरू किया गया। इसके अलावा, स्कूल में स्नानागार का निर्माण, बिल्डिंग की मरम्मत, स्कूल को 'उत्कृष्ट' (Model) घोषित करवाना और मुख्य गेट तथा बाउंड्री वॉल के लिए बजट का प्रावधान करवाया गया।
प्रशासनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पुलिस चौकी को मुख्य सड़क से हटाकर पंचायत घर में शिफ्ट किया गया। वहीं, मिनी सचिवालय के तहत निजी इमारतों में चल रहे सभी सरकारी कार्यालयों को एक ही छत के नीचे लाया गया और स्टोर का निर्माण भी करवाया गया। इसके अलावा क्षेत्र में श्रमिक कल्याण बोर्ड के कार्यालय की स्थापना कर वहां फर्नीचर, कंप्यूटर और स्टाफ की मुकम्मल व्यवस्था की गई है।
क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद में बढ़ावा देने के लिए खेलकूद किट (Sports Kits) बांटी गईं, उच्च शिक्षा में दाखिले के लिए मदद दी गई और युवाओं को रोजगार व करियर कोचिंग दिलाने में सहयोग किया गया। आपदा के समय भू-स्खलन से प्रभावित हुए लोगों को मुख्यमंत्री के सहयोग से नई भूमि का आवंटन और राहत सामग्री वितरित करवाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।
इसके अलावा, क्षेत्र के स्कूलों में खाली चल रहे प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों के पदों को भरवाकर शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया। जिला स्तरीय बालीचौकी मेले में प्रदेश स्तर के कलाकारों को आमंत्रित कर मेले की रौनक बढ़ाई गई। जरूरतमंदों और बीमार लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष (CM Relief Fund) से आर्थिक सहायता दिलवाई गई।
"सामर्थ्य बढ़ने के साथ और तेज होंगे प्रयास" विजय पाल सिंह ने कहा कि वे सराज को अपना परिवार मानते हैं और बिना किसी स्वार्थ के दिन-रात इसकी सेवा में जुटे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में भी वे इसी तरह सराज के लोगों के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, "मैं नेता नहीं, सिर्फ बेटा बनकर कार्य कर रहा हूं।" ईश्वर ने जैसे-जैसे उनका सामर्थ्य बढ़ाया है, वे क्षेत्र के विकास कार्यों में और अधिक गति लाएंगे।