16/09/2025
📰 हिंदी सप्ताह समारोह का भव्य आयोजन
नॉर्थ लखीमपुर विश्वविद्यालय, 15 सितम्बर 2025।
विश्व हिंदी दिवस के उपरांत नॉर्थ लखीमपुर विश्वविद्यालय में हिंदी विभाग द्वारा हिंदी सप्ताह समारोह बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के आदरणीय कुलपति महोदय डॉ. मुकुंद चंद्र बोरा द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके पश्चात विभाग के विद्यार्थियों ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भावनाओं और उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम का संचालन श्री बाणीकांत कुंवर जी ने कुशलता से किया। विभाग की छात्रा बिपाशा मल्लिक ने हिंदी सप्ताह के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। सभा में विभाग की विभागाध्यक्ष के साथ ही सह अध्यापिका डॉ अर्चना हजारिका, प्रणिता गोगोई और जयश्री फुकन जी के अतिरिक्त अन्य विभागों के अध्यापक – अध्यापिकाएं भी उपस्थित थे ।तत्पश्चात माननीय कुलपति महोदय डॉ. मुकुंल चंद्र बोरा जी ने अपने प्रेरणादायी भाषण में हिंदी भाषा की समृद्ध परंपरा और सामाजिक भूमिका पर विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर हिंदी विभाग की हस्तलिखित पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन भी किया गया, जिसका संपादन विभाग की छात्रा मंदिरा कुमारी ने किया। पत्रिका विमोचन के उपरांत परीक्षा नियंत्रक डॉ चंद्र मांचे जी ने अपने मन के भावों को व्यक्त किए और हिंदी साहित्य के महान कवियों के योगदान और साहित्यिक एकता पर अपने विचार रखे।
मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार पाण्डेय जी ने अपने भाषण में हिंदी और मातृभाषा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी पहचान और धरोहर है।” उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी के प्रति गर्व और निष्ठा की भावना जागृत करने का आह्वान किया।
अन्य वक्ताओं में वीरेंद्र कलिता और श्री बाणीकांत कुंवर ने भी अपने सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए। पूर्व छात्र-छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा कर समारोह की गरिमा को और बढ़ाया। तत्पश्चात हिंदी विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए और साथ ही विभाग की छात्राओं की ओर से रिम्पी कलिता ने अपने मंतव्य व्यक्त किए।
इसके बाद विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ नंदिता दत्त जी ने भी अपने मन के विचारो को सबके समक्ष रखा।
अंत में विभाग की सह अध्यापिका प्रणिता गोगोई जी के आभार प्रकट के साथ सभा की समाप्ति होती हैं ।