23/07/2026
सिरसा। सीएमके नेशनल स्नातकोत्तर महाविद्यालय , सिरसा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक प्रथम वर्ष (यूजी फर्स्ट ईयर) में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। प्रवेश के पहले ही दिन महाविद्यालय परिसर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की भारी भीड़ से गुलजार रहा। बी.ए., बी.कॉम., बी.बी.ए., बीएजेएमसी(पत्रकारिता एवं जनसंचार, बी.एससी. मेडिकल तथा बी.एससी. नॉन-मेडिकल सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी सुबह से ही महाविद्यालय पहुंच गए। महाविद्यालय परिसर में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का उत्साह इतना अधिक रहा कि उपलब्ध सीटों की तुलना में कहीं अधिक संख्या में छात्र-छात्राएं प्रवेश के लिए पहुंचे। प्रवेश काउंटरों पर विद्यार्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अलग-अलग सहायता काउंटर स्थापित किए, जहां शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। महाविद्यालय प्राचार्या श्रीमती अंशु उप्पल ने बताया कि सीएमके नेशनल पीजी कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण, अनुभवी प्राध्यापकों, आधुनिक शिक्षण सुविधाओं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जाना जाता है। यही कारण है कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी महाविद्यालय में प्रवेश लेने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनसीसी, एनएसएस, योग क्लब , कौशल विकास, व्यक्तित्व विकास तथा रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान महाविद्यालय का वातावरण उत्साह, उमंग और ऊर्जा से भरपूर रहा। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने महाविद्यालय की सुव्यवस्थित प्रवेश व्यवस्था की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सीएमके नेशनल पीजी कॉलेज उनके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य को नई दिशा प्रदान करेगा।