03/08/2026
डॉ. राम मनोहर लोहिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय में “नशा मुक्त युवा: विकसित भारत” कार्यक्रम का आयोजन
वाराणासी , 2 अगस्त 2026।
डॉ. राम मनोहर लोहिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज “नशा मुक्त युवा: विकसित भारत” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं हवन पूजा के साथ हुआ। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। विकसित भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है कि युवा वर्ग नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, नवाचार एवं सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा का उपयोग करे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें नशा मुक्त जीवन अपनाने, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा सामूहिक रूप से नशा न करने एवं समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली। महाविद्यालय में इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों जैसे - जागरूकता रैली, साइकिल रैली, योगा अभ्यास और सेमिनार का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय के प्रबंधक श्री सुशील सिंह तोयज़ एवम् प्राचार्या प्रोफेसर सुमनलता देवी की अध्यक्षता में कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर रणधीर सिंह ने किया। वक्ता के रूप में प्रोफेसर बृजेश जयसवाल , डॉ कृपा शंकर पाठक ने अपने विचार व्यक्त किए। अन्य शिक्षकों में डॉ हेमंत सिंह, डॉ अखिलेश्वर तिवारी , रवि कुमार एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए प्रोफेसर नरेंद्र नारायण राय ने कहा कि इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।